श्रावस्ती जनपद के सोनवा थाना क्षेत्र के लालपुर परहलादा गांव में एक किसान की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। किसान साइकिल से अपने खेत जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान परहलादा गांव निवासी बंसराज पुत्र हग्गन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनके खेत के पास पिछले चार दिनों से एक हाईटेंशन बिजली लाइन टूटकर जमीन पर पड़ी थी। बंसराज अनजाने में उसी टूटे तार की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि टूटी हुई हाईटेंशन लाइन की सूचना पहले ही विभाग को दी गई थी, लेकिन लाइनमैन और संबंधित अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों का मानना है कि यदि समय रहते तार ठीक कर दिया जाता तो इस हादसे को टाला जा सकता था। घटना की सूचना मिलते ही सोनवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। यह घटना बिजली विभाग की कथित लापरवाही को उजागर करती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। गिलौला के जेई देवकीनंदन ने बताया कि तेज आंधी के कारण तार टूटा था, लेकिन इसकी जानकारी पहले किसी ने नहीं दी थी। उन्होंने यह भी कहा कि लाइनमैन ने बिना जांच किए ही लाइन चालू कर दी थी और किसान ने भी टूटे तार पर ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। सोनवा थाना अध्यक्ष विष्णुदेव पांडेय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घटना स्थल पर बिजली विभाग के अधिकारी भी पहुंचे।
श्रावस्ती में टूटी हाईटेंशन लाइन से किसान की मौत:ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया, जांच जारी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












