बेन्यू : नाइजीरिया में बंदूकधारियों का आतंक देखने को मिला है। अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी-मध्य नाइजीरिया के बेन्यू राज्य में बंदूकधारियों ने एक यात्री बस पर हमला किया और यूनिवर्सिटी की परीक्षा देने जा रहे कुछ छात्रों को अगवा कर लिया। बेन्यू के गवर्नर हायसिंथ आलिया ने एक बयान में कहा कि छात्रों और अन्य यात्रियों को ओटुकपो-माकुरडी हाईवे पर अगवा किया गया है। गवर्नर ने यह नहीं बताया कि कितने लोगों को अगवा किया गया, लेकिन स्थानीय मीडिया के अनुसार बस में कुल 14 यात्री सवार थे।
जारी है तलाशी और बचाव अभियान
आलिया ने कहा, “निर्दोष नागरिकों, खासकर परीक्षा देने जा रहे छात्रों को निशाना बनाना अस्वीकार्य है और यह मानवता तथा नागरिक व्यवस्था के हर नियम के खिलाफ है।” गवर्नर ने कहा कि अगवा किए गए सभी लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए तलाशी और बचाव अभियान जारी हैं। इस अपहरण की जिम्मेदारी किसी भी समूह ने नहीं ली है।
छात्रों को क्यों बनाया जाता है निशाना?
बेन्यू नाइजीरिया के उत्तरी क्षेत्र में सशस्त्र हिंसा का एक प्रमुख केंद्र रहा है। यहां सशस्त्र गिरोह अक्सर दूरदराज के गांवों में रहने वाले लोगों का फिरौती के लिए अपहरण कर लेते हैं। छात्रों का अपहरण अफ्रीका के सबसे अधिक आबादी वाले देश में व्याप्त असुरक्षा की पहचान बन गया है। विश्लेषकों का कहना है कि ऐसा इसलिए होता है क्योंकि सशस्त्र गिरोह स्कूलों और छात्रों को अधिक ध्यान आकर्षित करने के लिए रणनीतिक लक्ष्य के रूप में देखते हैं।
लोगों से की गई शांत रहने की अपील
बस पर हमला और छात्रों के अपहरण की घटना के बाद बेन्यू के गवर्नर ने निवासियों से शांत रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बचाव प्रयासों समेत अन्य अभियानों में सुरक्षा एजेंसियों के साथ लोगों को सहयोग जारी रखना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि हम जानमाल की सुरक्षा के लिए निर्णायक कदम उठाएंगे।












