लखनऊ। राजधानी के बाजारखाला थाना क्षेत्र में पत्नी की निर्मम हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक 27 मई को सूचना मिली थी कि ईदगाह गेट नंबर-12 के सामने एक महिला घायल अवस्था में पड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को तत्काल केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान 26 वर्षीय चांदनी के रूप में हुई।
जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि चांदनी की शादी करीब सात वर्ष पहले मोहम्मद शाहीद से हुई थी। पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद को लेकर अक्सर झगड़े होते थे। इसी विवाद के चलते आरोपी पति ने धारदार चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी।
मृतका के पिता मोहम्मद शफीक की तहरीर पर बाजारखाला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर आरोपी मोहम्मद शाहीद को ऐशबाग क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।












