जमुनहा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत विकास खंड जमुनहा के लाल बोझा और बासगढी गांवों में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (वीएचएनडी) सत्रों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर के अधीक्षक डॉ. रवीन्द्र कुमार ने सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, लाभार्थियों को दी जा रही सुविधाओं और अभिलेखों का जायजा लिया। लाल बोझा चौराहा स्थित वीएचएनडी सत्र में दोपहर 12:44 बजे अधीक्षक डॉ. रवीन्द्र कुमार ने रजिस्टर में निरीक्षण संबंधी प्रविष्टि दर्ज की। उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया, जहां एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां गर्भवती महिलाओं की जांच, बच्चों का नियमित टीकाकरण, कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन और आयुष्मान कार्ड सत्यापन का कार्य कर रही थीं। इसके बाद डॉ. कुमार ने बासगढी में आयोजित वीएचएनडी सत्र का भी निरीक्षण किया। दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित थे और उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही थीं। अधीक्षक डॉ. रवीन्द्र कुमार ने उपस्थित ग्रामीणों और लाभार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि वीएचएनडी कार्यक्रम हर महीने आयोजित होता है। इसमें गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच के साथ आयरन एवं कैल्शियम की दवाएं वितरित की जाती हैं। उन्होंने किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाएं सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए यह टीका अवश्य लगवाएं। डॉ. कुमार ने एएनएम और आशा कार्यकत्रियों को हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की समय से पहचान कर उन्हें उच्च स्वास्थ्य केंद्रों पर रेफर करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी पात्र लाभार्थियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं। केवाईसी मिसमैच से संबंधित समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया गया। इस निरीक्षण के दौरान एसटीएस, सीएचओ, एएनएम, आशा संगिनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और लाभार्थी मौजूद रहे।
जमुनहा में वीएचएनडी सत्रों का सघन निरीक्षण:अधीक्षक डॉ. रवीन्द्र कुमार ने स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












