HomeHealth & Fitnessदिल्ली गए दंपती के सूने घर पर चोरों का धावा, लाखों के...

दिल्ली गए दंपती के सूने घर पर चोरों का धावा, लाखों के जेवर-नकदी समेटकर फरार

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कस्बे के आजाद नगर मोहल्ले में सूने मकान को निशाना बनाकर चोर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और घरेलू सामान चोरी कर ले गए। घटना का पता उस समय चला, जब इलाज कराकर दिल्ली से लौटे दंपती ने घर का ताला खोला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, आजाद नगर निवासी अवध बिहारी दुबे अपनी पत्नी उमा दुबे के साथ 15 जून को उपचार के लिए दिल्ली गए थे। उनके घर पर ताला बंद था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे और कमरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बुधवार रात करीब 10 बजे जब दंपती वापस घर पहुंचे और अंदर गए तो कमरों के ताले टूटे मिले। अलमारी का लॉक उखड़ा हुआ था और घर का सामान बिखरा पड़ा था। यह नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।

पीड़ित अवध बिहारी दुबे ने बताया कि चोर दो सोने की अंगूठियां, तीन महिलाओं की सोने की अंगूठियां, मंगलसूत्र, झुमकी, एक लर, पायल, कंधौनी समेत अन्य कीमती जेवरात चोरी कर ले गए। इसके अलावा करीब 80 हजार रुपये की नकदी, दो बोरी सरसों, स्टील के बर्तन, मिक्सी मशीन सहित अन्य घरेलू सामान भी गायब मिला। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस चोरों के आने-जाने के संभावित रास्तों के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

कोतवाली प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments