बहराइच के खैरीघाट थाना क्षेत्र के चमारनपुरवा गांव में गुरुवार दोपहर करीब दो बजे जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान लाठी-डंडों से हुए हमले में पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव निवासी हरिराम पिता नागेश्वर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के ज्ञानी, श्रीराम और विजय राज सहित अन्य लोग उनकी खरीदी हुई जमीन में रास्ता मांग रहे थे। हरिराम के अनुसार, जब वह अपनी जमीन पर मकान का निर्माण करा रहे थे, तभी विपक्षी लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। इस हमले में हरिराम, उनके पुत्र मोहन कुमार और विनोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर भेजा, जहां उनका इलाज किया गया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान डायल-112 की पीआरवी टीम मौके पर पहुंची थी। टीम ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया और फिर लौट गई। पुलिस के जाने के कुछ देर बाद ही विपक्षियों ने दोबारा हमला कर दिया। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जमीन विवाद में पिता-पुत्र समेत तीन घायल:खैरीघाट में पुलिस के जाने के बाद फिर हुआ हमला, मुकदमा दर्ज
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












