बहराइच जिले के जरवल रोड थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह 7 बजे दो भाइयों समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मृतकों के गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, कैसरगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत भखरौली मुंगेशपुर निवासी बूधई (50), राममिलन (25) और रामकिशुन (40) रविवार सुबह एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर बाराबंकी जिले के सिरौली गांव जा रहे थे। वहां उन्हें अपने एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होना था। सुबह करीब सात बजे जब वे जरवल रोड थाना क्षेत्र के धनराजपुर मोड़ के पास पहुंचे, तभी उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे स्थित पुलिया से टकरा गई और टक्कर के बाद गहरे खड्डे में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार बूधई और राममिलन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल रामकिशुन को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि मृतक राममिलन और रामकिशुन सगे भाई थे। रामकिशुन विवाहित थे और उनके चार छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। वहीं राममिलन अभी अविवाहित थे। तीसरे मृतक बूधई उनके रिश्तेदार और पड़ोसी थे। बूधई अपने परिवार के मुखिया थे और उनके पांच बेटे हैं, जिनमें से तीन की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटों का विवाह अभी नहीं हुआ है। एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के घरों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव के लोग बड़ी संख्या में मृतकों के घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर बाइक के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।
बहराइच के जरवल में दो भाई समेत 3 की मौत:पुलिया से टकराकर खड्डे में गिरी बाइक, अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












