Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)मुंडेरवा में तीन दिन से बिजली गुल:सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की लाखों की...

मुंडेरवा में तीन दिन से बिजली गुल:सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की लाखों की वैक्सीन खराब होने का खतरा

#बस्ती_न्यूज

बस्ती जिले के मुंडेरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। इसके चलते कोल्ड चेन रूम में रखी लाखों रुपये की वैक्सीन के खराब होने का खतरा मंडरा रहा है। बुधवार देर शाम आए आंधी-तूफान के कारण मुंडेरवा विद्युत सब-स्टेशन से जुड़े दर्जनों गांवों की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई थी। कई जगहों पर पेड़ गिरने से बिजली के खंभे और तार टूट गए थे, जिन्हें तीन दिन बाद भी ठीक नहीं किया जा सका है। अहरा अंबेडकर चौराहा, बढ़या, उमरी, मनिकौरा, कबरा, मुंडेरवा और रामपुर सहित कई गांवों में तीसरे दिन भी बिजली बहाल नहीं हो पाई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुंडेरवा के कोल्ड चेन रूम में बच्चों के जन्म से लेकर 16 वर्ष तक की आयु के लिए महत्वपूर्ण टीके रखे हुए हैं। यदि बिजली आपूर्ति जल्द बहाल नहीं हुई, तो ये टीके खराब हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में खराब टीकों का उपयोग स्वास्थ्य संबंधी गंभीर परिणाम दे सकता है। बिजली न आने से मुंडेरवा, अहरा, कबरा, बढ़या, उमरी और मनिकौरा सहित अन्य गांवों के लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने बिजली विभाग पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि उन्होंने बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता मोहम्मद नादिर से जल्द से जल्द व्यवस्था ठीक करवाने की बात की है। अधिशासी अभियंता मोहम्मद नादिर ने बताया कि क्षेत्र में 8-10 गांवों को छोड़कर सभी फॉल्ट ठीक कर दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि शेष फॉल्ट भी आज ही ठीक कर दिए जाएंगे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments