HomeHealth & Fitness'वाइब्रेंट इंडिया स्टेनलेस स्टील एग्जीबिशन-2026' पहुंचे सीएम भूपेंद्र पटेल, उद्योग जगत को...

‘वाइब्रेंट इंडिया स्टेनलेस स्टील एग्जीबिशन-2026’ पहुंचे सीएम भूपेंद्र पटेल, उद्योग जगत को दिया बढ़ावा

अहमदाबाद। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को अहमदाबाद स्थित गुजरात यूनिवर्सिटी कन्वेंशन हॉल में आयोजित ‘वाइब्रेंट इंडिया स्टेनलेस स्टील एग्जीबिशन-2026’ का दौरा किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और देशभर से आए प्रदर्शकों, निर्माताओं तथा उद्योगपतियों से उनके उत्पादों की जानकारी प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस बी-टू-बी (B2B) ट्रेड एग्जीबिशन में देश के विभिन्न राज्यों से किचनवेयर, क्रॉकरी और होम अप्लायंसेज उद्योग के 100 से अधिक अग्रणी निर्माता भाग ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित नवीनतम उत्पादों और होम अप्लायंसेज क्षेत्र में हो रहे आधुनिक अनुसंधानों का भी अवलोकन किया तथा वैश्विक तकनीकी रुझानों की जानकारी प्राप्त की।

इस प्रदर्शनी का उद्देश्य भारत के स्टेनलेस स्टील उद्योग को अधिक मजबूत, स्मार्ट और आत्मनिर्भर बनाते हुए उसे वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

इसके तहत नवाचार, ग्रीन स्टील टेक्नोलॉजी, एमएसएमई को बढ़ावा, निर्यात में वृद्धि और रोजगार सृजन जैसे प्रमुख विषयों पर विशेष जोर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि 20 जुलाई तक चलने वाली इस चार दिवसीय प्रदर्शनी में देश-विदेश के 500 से अधिक प्रतिष्ठित ब्रांड अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रदर्शनी के माध्यम से देशभर से आए व्यापारिक आगंतुकों के लिए बड़े पैमाने पर थोक कारोबार (बल्क ऑर्डर) और बिजनेस नेटवर्किंग के नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।

इस अवसर पर योगेशभाई अग्रवाल, जयंतीभाई सरधारा, अशोक भंसाली, प्रकाश संघवी, नरेंद्र दिवाकर, दिनेश सेन, दिव्यांश अग्रवाल सहित स्टेनलेस स्टील विनिर्माण क्षेत्र की विभिन्न अग्रणी कंपनियों के प्रतिनिधि एवं रिटेलर्स उपस्थित रहे।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments