सिद्धार्थनगर जिले के बर्डपुर नंबर-1 (अलीगढ़वा) कस्बे में नालियों की बदहाली और कचरे के ढेर से स्थानीय ग्रामीण परेशान हैं। भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर स्थित इस कस्बे में स्वच्छता अभियान के दावों पर सवाल उठ रहे हैं। दर्जनों ग्रामीणों ने इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) को शिकायती पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि कस्बे में नालियों का निर्माण तकनीकी रूप से त्रुटिपूर्ण है। नालियों का ‘लेवल’ सही न होने के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है, जिससे जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इसके अतिरिक्त, नालियां प्लास्टिक और अन्य कूड़े से पूरी तरह अटी पड़ी हैं। इस कारण गंदा पानी सड़कों पर ओवरफ्लो होकर बह रहा है, जिससे चारों ओर गंदगी फैल रही है। DPRO को सौंपे गए पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि सफाईकर्मियों को कई बार बुलाया गया, लेकिन वे केवल औपचारिकता पूरी करके चले जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक नालियों की गहराई से सफाई नहीं होगी, जलजमाव की समस्या बनी रहेगी। सड़क पर जमा इस गंदे पानी से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। मोहम्मद मुस्तकीम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इस समस्या को उठाया है। शिकायती पत्र पर मुंशी अब्दुल्लाह (वरिष्ठ उपाध्यक्ष, व्यापार मंडल), चहकान कसौधन, मो. फारूक, अफजल हुसैन, सुरेश गुप्ता, अजय कुमार, जलालुद्दीन और समीर सहित लगभग 33 लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। इस संबंध में एडीओ पंचायत आशुतोष यादव ने बताया कि ग्राम पंचायत में एक ही सफाईकर्मी नियुक्त है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और लगातार सफाई कार्य हो रहा है। यादव ने यह भी कहा कि उन्हें शिकायत की जानकारी है और प्राथमिकता के तौर पर वहां की साफ-सफाई की जाएगी, ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क के दोनों तरफ की नालियों की तत्काल सफाई कराने और जल निकासी के स्थायी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सफाई नहीं हुई, तो वे उग्र प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
बर्डपुर में नालियां कचरे से पटीं, कचरे का ढेर:ग्रामीणों ने DPRO को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












