Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)कांवड़ यात्रा में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं की उम्मीद:बस्ती में चप्पे-चप्पे...

कांवड़ यात्रा में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं की उम्मीद:बस्ती में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा का सख्त पहरा, तैयारियां अंतिम चरण में

#बस्ती_न्यूज

बस्ती में आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। इस वर्ष कांवड़ मार्ग से 10 लाख से अधिक शिवभक्तों के गुजरने का अनुमान है। विशाल जनसमूह की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, विश्राम, भोजन और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं। भीड़ प्रबंधन और दुर्घटनामुक्त आवागमन सुनिश्चित करने के लिए कांवड़ पथ के प्रत्येक कट और संवेदनशील स्थानों पर मजबूत अस्थायी बैरिकेडिंग लगाई गई है। कांवड़ियों के जत्थे निकलने से कभी-कभी जाम की स्थिति बन जाती है, साथ ही अधिक भीड़ के कारण कांवड़ यात्री असुरक्षित ढंग से भी यात्रा करते हैं। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) उमाकांत तिवारी और क्षेत्राधिकारी (सीओ) स्वर्णिमा सिंह पुलिस बल के साथ निरंतर मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों को परख रहे हैं। इसके अतिरिक्त, हरैया प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार, छावनी थानाध्यक्ष राणा डीपी सिंह और कप्तानगंज थानाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव भी लगातार कांवड़ पथ पर भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस टीम मार्ग में स्थापित होने वाले सरकारी व गैर-सरकारी सेवा शिविर के आयोजकों से लगातार समन्वय स्थापित कर रही है। प्रशासन ने शिवभक्तों के लिए भोजन, शयन और प्राथमिक चिकित्सा के व्यापक इंतजाम किए हैं। एसडीएम उमाकांत तिवारी और सीओ स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि यात्रा के दौरान यदि किसी श्रद्धालु का गंगाजल अशुद्ध अथवा खंडित हो जाता है, तो उसके लिए मार्ग में स्थान-स्थान पर शुद्ध सरयू जल की विशेष व्यवस्था की गई है। शिवभक्तों की सुविधा और आस्था का पूरा सम्मान किया जाएगा। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए चौबीसों घंटे एम्बुलेंस और त्वरित कार्यबल तैनात रहेंगे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments