Homeजिला / लोकल (Local News)मोदी ने रचा लोकतंत्र का नया इतिहास, लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने...

मोदी ने रचा लोकतंत्र का नया इतिहास, लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का बनाया रिकॉर्ड


कैबिनेट ने विकास, सुशासन और जनविश्वास को उपलब्धि का आधार बताया

नई दिल्ली। भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में बुधवार का दिन एक नए अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 4,399 दिन प्रधानमंत्री पद पर रहकर देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के लगातार 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। 
इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय मंत्रिमंडल ने विशेष प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी और इसे भारतीय लोकतंत्र, जनभागीदारी तथा जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक बताया। कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा गया कि यह उपलब्धि ऐसे समय आई है, जब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार अपने 12 वर्ष पूरे कर चुकी है और प्रधानमंत्री लगभग 25 वर्षों की सतत शासन यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच चुके हैं। मंत्रिमंडल ने इसे केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के निरंतर विश्वास और स्थिर शासन की स्वीकृति बताया।
प्रस्ताव में कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र के साथ गरीब कल्याण को शासन का केंद्र बनाया। सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को पक्के घर, बिजली, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण, 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन तथा स्वास्थ्य सुरक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही युवाओं, महिलाओं और किसानों के सशक्तिकरण के लिए स्टार्टअप इंडिया, महिला आरक्षण, लखपति दीदी अभियान, पीएम किसान सम्मान निधि और चंद्रयान जैसी पहलों को देश की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव बताया गया।
मंत्रिमंडल ने अनुच्छेद-370 हटाने, वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी), वन रैंक-वन पेंशन, नागरिकता संशोधन अधिनियम, नए आपराधिक कानून, श्रम सुधार, आत्मनिर्भर भारत अभियान, राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने तथा जी-20 की सफल अध्यक्षता जैसी पहलों को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में रेखांकित किया। प्रस्ताव में कहा गया कि इन निर्णयों ने भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई दी और देश को विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में कैबिनेट के निर्णयों की जानकारी देते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में राजनीतिक स्थिरता, पारदर्शी प्रशासन और दूरदर्शी नीतियों ने भारत के विकास को नई गति दी है। मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण, गरीबों के उत्थान, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय सुरक्षा और विकसित भारत-2047 के संकल्प के प्रति पूर्ण समर्थन व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीघार्यु की कामना भी की।
उधर, प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने भी प्रधानमंत्री को ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में सुशासन, पारदर्शिता, समावेशी विकास और राष्ट्रीय प्रगति को नई दिशा मिली है। कैबिनेट का यह प्रस्ताव प्रधानमंत्री मोदी के लंबे कार्यकाल के साथ-साथ लोकतांत्रिक जनादेश और निरंतर शासन व्यवस्था के प्रति जनता के विश्वास का भी औपचारिक दस्तावेज माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments