HomeHealth & Fitnessमोबाइल पर बात कर रहे प्रॉपर्टी डीलर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाज के...

मोबाइल पर बात कर रहे प्रॉपर्टी डीलर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाज के दौरान मौत

लखनऊ। बुधवार पीजीआई इलाके में दोपहर एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपने ऑफिस के सामने मोबाइल से बात कर रहे थे। तभी बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। आसपास के लोगों ने प्रॉपर्टी डीलर को अपेक्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक़ घटना पीजीआई थानाक्षेत्र के कल्ली पश्चिम इलाके की है। मृतक की पहचान संदीप सिंह के रूप में हुई है। इससे जुड़ा एक सीसीटीवी भी सोशल मीडिया पर वायरल है। जिसमें प्रॉपर्टी डीलर ऑफिस के बाहर खड़ा दिखाई दे रहा है। बाइक सवार बदमाश प्रॉपर्टी डीलर को गोलियां मारते दिख रहा है। हत्या के बाद बदमाश अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी के जरिए बदमाशों की पहचान में जुटी है। 

आसपास के लोग दौड़ते हुए प्रॉपर्टी डीलर के पास पहुंचे। उन्हें इलाज के लिए एपेक्स ट्रामा सेंटर पहुंचाया। संदीप सिंह मूल रूप से जौनपुर के टकारी के शिकारा जिला के रहने वाले थे। वह वृंदावन योजना में कालिंदी पार्क के पास परिवार के साथ रहते हैं। कल्ली पश्चिम बाजार के यादव मार्केट में उनका प्रॉपर्टी डीलिंग का ऑफिस है। बुधवार दोपहर 12 से 12:30 बजे के बीच वह ड्राइवर प्रदीप सिंह के साथ अपने ऑफिस पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि संदीप कार से उतरकर ऑफिस की ओर बढ़ ही रहे थे, तभी बाइक सवार 2 नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही संदीप घायल होकर गिर पड़े, तभी आरोपी बाइक से भाग निकले।

स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, हमला करने वाले बाइक सवार बदमाश काफी पेशेवर अंदाज में आए थे। बाइक चला रहा बदमाश हेलमेट लगाए हुए था। जबकि, पीछे बैठे हमलावर ने अपना मुंह सफेद गमछे से बांध रखा था। वारदात को अंजाम देते समय एक बदमाश अपाचे बाइक स्टार्ट किए हुए पहले से खड़ा हुआ था। संदीप को कई गोलियां मारने वाला दूसरा बदमाश दौड़ते हुए बाइक पर बैठा। जिसके बाद दोनों भाग निकले। संदीप सिंह के परिवार में पत्नी प्रीति सिंह, बेटा सार्थक सिंह और बेटी सीवी सिंह हैं। पुलिस को घटना की 50 सेकंड की सीसीटीवी फुटेज मिली है।

एडीसीपी साउथ और एसीपी गोसाईगंज पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश समेत कई ऐंगल पर जांच की जा रही है।

दोपहर लगभग 1 बजे संदीप सिंह को गोली मारने की सूचना प्राप्त हुई। सीसीटीवी फुटेज देखे गए हैं। संदीप को गोली मारने वाले बाइक सवार 2 युवक दिखे हैं। उनकी पत्नी प्रीति की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की 4 टीमें लगी हैं। 

-अमित कुमार आनंद,डीसीपी साऊथ,लखनऊ कमिश्नरेट

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments