नई दिल्ली। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव गुरुवार को जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से विस्तारित श्रीनगर-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन, जो अब तक श्रीनगर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक चलती थी, अब सीधे जम्मू तवी तक चलेगी। इस तरह देश की सबसे आधुनिक ट्रेन सीधे जम्मू-कश्मीर के सबसे बड़े शहर और रेलवे हब तक पहुंच जाएगी।रेल मंत्रालय के अनुसार, बढ़ती लोकप्रियता और यात्रियों की मांग को देखते हुए इस वंदे भारत ट्रेन को 8 कोच से बढ़ाकर 20 कोच कर दिया गया है, जिससे इसकी बैठने की क्षमता में दोगुने से अधिक वृद्धि हुई है। इससे वेटिंग लिस्ट का दबाव कम होगा और यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी।झंडी दिखाने के बाद रेल मंत्री उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना के तहत बने विश्व स्तरीय इंजीनियरिंग चमत्कार अंजी ब्रिज और चिनाब रेल ब्रिज का भी निरीक्षण करेंगे।विस्तारित जम्मू तवी–श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस की नियमित सेवाएं 2 मई से शुरू होंगी। इस रूट पर दो जोड़ी ट्रेनें चलाई जाएंगी, जो लगभग 266 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। यात्रियों को सुबह और दोपहर दोनों समय यात्रा के विकल्प मिलेंगे।इस विस्तार से खासतौर पर वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं, पर्यटकों, व्यापारियों और स्थानीय यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। अब यात्रियों को कटरा में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी और वे जम्मू तवी से सीधे श्रीनगर तक बिना किसी बाधा के सफर कर सकेंगे।सर्दियों के दौरान जब जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बर्फबारी के कारण बंद हो जाता है, तब यह वंदे भारत ट्रेन एक विश्वसनीय और सुरक्षित विकल्प के रूप में काम करेगी। अत्याधुनिक तकनीक से लैस यह ट्रेन माइनस 20 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान में भी सुचारू रूप से चलने में सक्षम है।इस परियोजना से जम्मू-कश्मीर में पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। कश्मीर के हस्तशिल्प, फल और अन्य उत्पादों के व्यापार में तेजी आएगी, वहीं पर्यटकों को भी बेहतर और तेज यात्रा सुविधा मिलेगी।उल्लेखनीय है कि यूएसबीआरएल परियोजना के तहत 272 किलोमीटर लंबी रेल लाइन, 36 सुरंगें और 943 पुल बनाए गए हैं, जिनमें चिनाब रेल ब्रिज दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है। यह विस्तार जम्मू-कश्मीर में रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
जम्मू तवी तक बढ़ेगी वंदे भारत की रफ्तार, कल रेल मंत्री दिखाएंगे हरी झंडी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












