Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)जंगली सूअर ने घर में घुसकर किया हमला:सास-बहू गंभीर घायल, ग्रामीणों ने...

जंगली सूअर ने घर में घुसकर किया हमला:सास-बहू गंभीर घायल, ग्रामीणों ने सूअर को पीटकर मार डाला


कठेला समय माता थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में रविवार को एक जंगली सूअर ने घर में घुसकर सास-बहू पर हमला कर दिया। हमले में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने बाद में सूअर को घेरकर लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, कठेला गर्वी ग्राम पंचायत के सोनबरसा टोले निवासी 50 वर्षीय सावित्री देवी रविवार को अपने घर के बरामदे में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान एक जंगली सूअर ने उन पर अचानक हमला कर दिया। पहले उन्होंने उसे सामान्य सूअर समझा था, लेकिन कुछ ही सेकंड में उसने हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जंगली सूअर ने सावित्री देवी को जमीन पर गिराकर कई बार हमला किया, जिससे उनके शरीर पर गहरे घाव हो गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर घर के अंदर मौजूद 26 वर्षीय बहू बिंद्रावती देवी (पत्नी राजेंद्र) बचाने के लिए बाहर आईं। सूअर ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे बिंद्रावती देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हमले के बाद जंगली सूअर घर के भीतर एक कमरे में जाकर छिप गया। ग्रामीणों ने तत्काल घायल महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और सूअर को पकड़ने की योजना बनाई। उन्होंने घर के चारों ओर घेराबंदी की ताकि सूअर बाहर निकलकर किसी और पर हमला न कर सके। ग्रामीणों ने जाल बिछाकर सूअर को पकड़ा और लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला। ग्रामीणों ने मछली पकड़ने वाले बड़े जाल का इंतजाम किया और पूरे घर को चारों तरफ से घेर लिया। करीब एक घंटे तक चले प्रयास के बाद जब जंगली सूअर बाहर निकलने की कोशिश करने लगा तो वह जाल में फंस गया। इसी दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। लोगों के हमले से जंगली सूअर की मौके पर ही मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण दोनों घायल महिलाओं को इलाज के लिए माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने दोनों को भर्ती कर इलाज शुरू किया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार महिलाओं के शरीर पर गहरे घाव हैं, हालांकि इलाज के बाद उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। गांव में दहशत, ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा की मांग
घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से गांव के आसपास खेतों और बागों में जंगली सूअरों की आवाजाही बढ़ गई है। कई बार किसानों की फसलें भी जंगली सूअर बर्बाद कर चुके हैं, लेकिन अब आबादी में घुसकर हमला करने की घटना से लोग सहम गए हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से गांव के आसपास जंगली जानवरों की निगरानी बढ़ाने, जंगल क्षेत्र में सुरक्षा इंतजाम करने तथा प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जंगली जानवरों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो भविष्य में और भी बड़ी घटनाएं हो सकती हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments