खुनियांव में गुरुवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने खुनियांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर आयोजित बृहद मुख एवं दंत रोग चिकित्सा शिविर का निरीक्षण किया। यह शिविर राष्ट्रीय ओरल हेल्थ कार्यक्रम के तहत लगाया गया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिविर में मरीजों के मुख एवं दंत रोगों की स्क्रीनिंग की जा रही थी। निरीक्षण के समय कुल 174 मरीजों का पंजीकरण किया गया। इनमें से तंबाकू एवं गुटखा सेवन करने वाले दो मरीजों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। स्टालों के माध्यम से आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी, वजन, मधुमेह और ब्लड प्रेशर जैसी जांचें भी की जा रही थीं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अधिक से अधिक लोगों को शिविर का लाभ मिलना चाहिए तथा आवश्यकतानुसार दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएं। दंत शिविर के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुनियाँव का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लेबर रूम, दवा वितरण कक्ष, एईओ कक्ष, वैक्सीन भंडारण कक्ष और लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और प्रतिदिन बेडशीट बदलने के निर्देश दिए। वैक्सीन भंडारण कक्ष के निरीक्षण में तीन फ्रीजर पाए गए, जिनमें से एक खराब था जबकि दो कार्यशील थे। जिलाधिकारी ने खराब फ्रीजर को शीघ्र ठीक कराने और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने वाली आशा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई करने को कहा। इस संबंध में एमओआईसी ने बताया कि दो आशा कार्यकर्ताओं को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है। इस अवसर पर एमओआईसी खुनियाँव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
खुनियांव पीएचसी पर डीएम ने दंत शिविर का निरीक्षण किया:174 मरीजों की जांच, दो मेडिकल कॉलेज रेफर
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












