Homeजिला / लोकल (Local News)मोदी सरकार के 12 साल पूरे: योगी ने गिनाई विकास और विश्वास...

मोदी सरकार के 12 साल पूरे: योगी ने गिनाई विकास और विश्वास की उपलब्धियां


नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बधाई देते हुए सरकार की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता मिली और जनभागीदारी ने विकास को जन-आंदोलन का रूप दिया।
दरअसल, 26 मई 2014 को नरेंद्र मोदी ने देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। मंगलवार को उनके कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘प्रधान सेवक’ के रूप में सेवा, सुशासन और लोक-कल्याण को नई दिशा दी है।मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इन वर्षों में अंत्योदय आत्मनिर्भरता की शक्ति में बदला है और विकास योजनाएं सीधे आम लोगों तक पहुंची हैं। 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच ने ऐसे ‘नए भारत’ का निर्माण किया है, जहां नारी सशक्तीकरण, नवाचार, आर्थिक प्रगति और सांस्कृतिक पुनर्जागरण साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं।उन्होंने कहा कि आज भारत सीमाओं की सुरक्षा, आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई और विश्व मंच पर आत्मविश्वासपूर्ण नेतृत्व के कारण एक मजबूत और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। 
योगी ने ‘डिजिटल, डेमोग्राफी और डेमोक्रेसी’ को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की बड़ी ताकत बताया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और स्वनिधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने गरीबों और जरूरतमंदों तक विकास पहुंचाया है। 
उन्होंने कहा कि यही विश्वास ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के संकल्प को मजबूत कर रहा है। योगी आदित्यनाथ ने अंत में कहा कि ‘नेशन फर्स्ट’ और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही इस युगांतकारी यात्रा के लिए प्रधानमंत्री मोदी अभिनंदन के पात्र हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments