Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)पहले सावन सोमवार पर उमड़ा आस्था का सैलाब:विभूतिनाथ धाम हर-हर महादेव के...

पहले सावन सोमवार पर उमड़ा आस्था का सैलाब:विभूतिनाथ धाम हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा


श्रावस्ती जनपद के प्रसिद्ध पांडवकालीन बाबा विभूतिनाथ धाम में सावन माह के पहले सोमवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार तड़के सुबह से ही हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचने लगे। नेपाल सहित आसपास के कई जिलों से आए कांवड़ियों और शिवभक्तों ने गंगाजल, भांग, बेलपत्र, पुष्प, फल और शहद अर्पित कर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन किया। पूरे मंदिर परिसर में दिनभर “हर-हर महादेव”, “बोल बम” और “जय भोलेनाथ” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण शिवमय हो गया। सोहेलवा वन क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक विभूतिनाथ मंदिर में जलाभिषेक का क्रम सोमवार सुबह करीब तीन बजे से प्रारंभ हुआ। यह क्रम देर शाम तक लगातार जारी रहने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर में विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। मंदिर परिसर में एक दिन पहले से ही पूजा सामग्री और प्रसाद की दुकानें सज गई थीं। इसके अतिरिक्त, सुगम दर्शन के लिए बैरिकेडिंग और अलग-अलग कतारों की व्यवस्था भी की गई थी। सावन के पहले सोमवार के अवसर पर शिवलिंग का विशेष श्रृंगार किया गया। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और देश में खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया था। संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से दर्शन-पूजन कर सकें। प्रशासन ने बताया कि पूरे सावन माह के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments