खेसरहा ब्लॉक क्षेत्र के घोसियारी बाजार में अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यातायात जाम की समस्या गंभीर हो गई है। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह समस्या विशेष रूप से सोमवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार के दौरान और बढ़ जाती है। बाजार में दुकानदार, ठेला-फुटकर व्यापारी और सब्जी विक्रेता सड़क किनारे अतिक्रमण कर लेते हैं। इसके अलावा, टैक्सी स्टैंड और उचित पार्किंग व्यवस्था के अभाव में ई-रिक्शा, बाइक और अन्य वाहन सड़क पर ही खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे मार्ग संकरा हो जाता है और यातायात बाधित होता है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, कई ई-रिक्शा चालक सड़क के बीच में ही सवारियों को उतारते और बैठाते हैं, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। सड़क के दोनों ओर स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण के कारण पैदल चलने वालों के लिए भी जगह नहीं बचती है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस समस्या के समाधान की मांग की है। उन्होंने नियमित अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने और बाजार में बेहतर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि यदि इस पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। इस संबंध में चौकी प्रभारी कुर्थिया, वीरेंद्र सिंह यादव ने कहा है कि जल्द से जल्द इस समस्या से निजात दिलाई जाएगी।
घोसियारी बाजार में अतिक्रमण, यातायात जाम की समस्या:राहगीर और स्कूली बच्चे परेशान, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












