बहराइच के तेजवापुर विकास खंड परिसर में आयोजित तीन दिवसीय समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान तथा स्वास्थ्य मेले का मंगलवार को समापन हो गया। इस अवसर पर महसी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश्वर सिंह ने चार विकास खंडों के ग्राम प्रधानों को प्रशासक पत्र वितरित किए। यह आयोजन केंद्र सरकार के सफल कार्यकाल के उपलक्ष्य में किया गया था। समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक सुरेश्वर सिंह ने जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों की उपलब्धियां गिनाईं। विधायक ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाने में ऐसे मेलों का आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने महसी विधानसभा के तेजवापुर, महसी, शिवपुर और फखरपुर विकास खंडों के ग्राम प्रधानों को प्रशासक पत्र सौंपे। इस त्रिदिवसीय मेले में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पंचायती राज, बाल विकास और समाज कल्याण सहित विभिन्न सरकारी विभागों ने अपने स्टॉल लगाए थे। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और मौके पर ही कई सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मेले में आए लोगों की निःशुल्क जांच की और उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श तथा दवाइयां भी प्रदान कीं। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रमाकर पांडेय, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) प्रतीक, मंडल अध्यक्ष विद्याधर वाजपेयी, धर्मेंद्र शुक्ला, संजय त्रिवेदी, रामनिवास जायसवाल,सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, सरकारी कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
बहराइच में जन कल्याण मेले का समापन:विधायक ने प्रधानों को प्रशासक पत्र सौंपे
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












